मुंबई/भोपाल : ( TNA News Network) मध्य प्रदेश को 68वें नेशनल फिल्म अवार्ड में ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का अवार्ड दिया गया। नई दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में इस अवार्ड की घोषणा की गई। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विट किया और पुरस्कार के लिए टीम एमपी, नागरिकों एवं फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को बधाई दी है। उन्होंने यह भी लिखा कि प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्य से समृद्ध प्रदेश सदैव आपके स्वागत के लिए आतुर है। पर्यटन और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने प्रदेश की उपलब्धि को गौरव का विषय बताया है। उन्होंने प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शेखर शुक्ला और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

दूसरी बार मिला यह अवार्ड
मध्य प्रदेश को 2017 में भी यह अवार्ड मिल चुका है। यह दूसरा मौका है, जब प्रदेश को यह अवार्ड मिला है। बता दें कि नेशनल फिल्म अवार्ड की इस कैटेगरी में 13 राज्यों ने सहभागिता की थी। इन सभी राज्यों के बीच मध्य प्रदेश को अवार्ड मिलने की वजह निश्चित रूप से यहां का नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें हैं।
निर्माताओं को भा रहे प्रदेश
वैसे मध्य प्रदेश की फिल्म टूरिज्म पालिसी सीरियल, वेब सीरीज व फिल्म निर्माताओं को इन दिनों बहुत पसंद आ रही है। बीते दिनों मुंबई में आयोजित पांचवें ग्लोबल फिल्म टूरिज्म कान्क्लेव में मध्य प्रदेश ने बतौर स्टेट पार्टनर भागीदारी की थी। इस दौरान भी अधिकांश राज्यों ने यहां की फिल्म पर्यटन नीति को सराहा था। वजह, इस नीति के लागू होने के बाद से 150 से अधिक फिल्मों की शूटिंग यहां हो चुकी है।